जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आंदोलित विपक्षी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक को लेकर चल रही खबरों के बीच चुनाव आयोग ने साफ किया है कि मंगलवार शाम चार बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने बैठक के लिए समय नहीं मांगा था।
वहीं आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली पुलिस की ओर से यह बताया गया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी आइएनडीआइए गठबंधन के 240 सांसदों के साथ संसद भवन के एनेक्सी में बैठक करना चाहते है, जो आयोग के तय प्रोटोकाल के खिलाफ था। ऐसे में उसे खारिज कर दिया गया।
चुनाव आयोग ने बयान जारी कर बताया कि मंगलवार शाम के समय दिल्ली पुलिस के माध्यम से आयोग को यह सूचना मिली कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपना चाहता है।
वह इस पर विचार कर रहे थे। लेकिन बाद में जब दिल्ली पुलिस ने बताया कि यह बैठक संसद भवन के एनेक्सी में सभी 240 सासंदों के साथ वह करना चाहते हैं तो आयोग ने इस अनुरोध को नियमों के खिलाफ व असामान्य मानते हुए अस्वीकार कर दिया।
साथ ही कहा कि प्रोटोकाल के तहत कोई भी बैठक चुनाव आयोग के परिसर में ही हो सकती है। वहीं इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चुनाव आयोग ने एक अभूतपूर्व कदम उठाने का प्रस्ताव भी दिया था, जिसमें सांसदों का ज्ञापन लेने के लिए आयोग के सबसे वरिष्ठ कार्यरत अधिकारी को प्रस्तावित बैठक की जगह यानी संसद भवन के एनेक्सी तक भेजा जा सकता है, लेकिन सांसद इस पर राजी नहीं हुए।
आयोग ने बताया कि 2025 में राजनीतिक दलों से मिलने के लिए एक प्रक्रिया व प्रोटोकाल निर्धारित किया गया था। इसके तहत किसी भी राजनीतिक दल या प्रतिनिधिमंडल को अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से पहले समय मांगना होता है।
निर्वाचन आयोग ने दोहराया कि वह देश की संसदीय और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के साथ ही अपने स्वयं के प्रोटोकाल और परंपराओं का पूरा सम्मान करता है। कोई भी राजनीतिक दल तय नियमों के तहत किसी भी समय आयोग से मिलने का अनुरोध कर सकता है।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026























