जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश से बजाय अब मध्य प्रदेश से राज्यसभा में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी आना तय हो गया है। भाजपा ने एल मुरुगन की खाली हुई सीट पर उन्हें उम्मीदवार बनाया है।
मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा के संख्या बल के कारण हरदीप पुरी का जीतना तय माना जा रहा है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्रिमंडल से उनके बाहर होने की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।
दरअसल उत्तर प्रदेश से राज्य सभा का सदस्य रहे हरदीप पुरी का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है। संवैधानिक प्रविधानों के अनुसार मंत्रिमंडल में रहने के लिए राज्य सभा या लोकसभा में से किसी का सांसद होना जरूरी है।
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा का टिकट नहीं मिलने के बाद मंत्रिमंडल से उनके बाहर जाने की अटकलें तेज हो गईं थी। भाजपा की ओर जारी बयान के अनुसार केंद्रीय चुनाव समिति ने उपचुनाव के लिए पुरी के नाम को मंजूरी दे दी है। 74 वर्षीय पुरी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हैं।
मुरुगन ने 14 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिपरिषद और राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल करीब चार साल का बचा हुआ था। पुरी उनके बचे हुए कार्यकाल 2030 तक के लिए राज्यसभा के सदस्य रहेंगे। इस्तीफे में मुरुगन ने तमिलनाडु में भाजपा को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही थी
