महराजगंज में 16 नवंबर से स्वगणना होगी:जनगणना-2027 के लिए 30 नवंबर तक ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकेंगे लोग

0
0

महराजगंज में जनगणना-2027 के लिए 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना होगी। इसके बाद 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार के साथ प्रेस वार्ता की। उन्होंने जनगणना की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि 5,543 प्रगणकों और 916 पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का काम अंतिम चरण में है। कुल कार्मिकों में 10 प्रतिशत को आरक्षित रखा गया है।
उन्होंने लोगों से स्वगणना के दौरान सभी 40 सवालों के सही जवाब दर्ज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना में दी गई जानकारी गोपनीय रहेगी। इसका इस्तेमाल किसी दूसरे काम के लिए नहीं होगा और यह आरटीआई के दायरे में भी नहीं आएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में स्थायी और अस्थायी रूप से रहने वाले सभी लोगों, बेघर लोगों, हॉस्टल में रहने वालों और सशस्त्र बलों के कर्मियों की गणना होगी। नेटवर्क नहीं मिलने वाले इलाकों के लिए खास व्यवस्था की जाएगी।
अगर किसी इलाके में प्रगणक नहीं पहुंचते हैं, तो हेल्पलाइन नंबर 1855 पर सूचना दें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़ों से भविष्य की विकास योजनाएं और नीतियां बनाने में मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here