महराजगंज में 6 नवंबर 2026 को विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में 30 विभागों के नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए।
.
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई जाए। सौंपे गए कामों में लापरवाही न हो और अधिकारी अपनी जिम्मेदारी खुद निभाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से अपने विभाग के सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक करने और उन्हें जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश देने को कहा। उन्होंने चुनाव से जुड़े सभी अधिकारियों को अभी से तैयारियों में जुटने के लिए कहा।
अधिकारियों को अपने जिम्मेदारी वाले कामों की जानकारी लेने के लिए इलाकों का दौरा करने और आने वाली दिक्कतों के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को बताने के निर्देश दिए गए, ताकि समय रहते उनका हल किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशान्त कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार चौधरी और वरिष्ठ कोषाधिकारी राज कुमार गुप्ता सहित नोडल और सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

