पीटीआई, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से कहा कि वह तलाक, परित्याग, गोद लेने और एकल मां से जुड़े मामलों में बच्चों को उनकी मां की जाति के आधार पर जाति प्रमाणपत्र जारी करने के लिए दिशा-निर्देश बनाने की संभावना पर विचार करे।
जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने कहा कि यह मुद्दा खासतौर पर उन मामलों में अहम हो जाता है, जहां बच्चे का संरक्षण मां के पास होता है।
पीठ ने इस बात पर भी चर्चा की कि क्या बच्चे की जाति तय करने के उस स्थापित सिद्धांत में कोई अपवाद निकाला जा सकता है, जिसके तहत बच्चे की जाति पिता की जाति के आधार पर तय होती है।
पीठ ने केंद्र की ओर से पेश अटार्नी जनरल आर वेंकटरमणि से मामले पर विचार करने को कहा। पीठ ने अटार्नी जनरल से मामले में कानूनी और संवैधानिक सवालों को सुलझाने में मदद करने को कहा।
पीठ ने एक ही जाति के माता-पिता के मामलों को अंतरजातीय विवाह से जुड़े मामलों से अलग करने से इन्कार कर दिया और कहा कि सभी मुद्दों पर साथ विचार किया जाएगा।

















