भिटौली इलाके में 6 सितंबर की रात आकाशीय बिजली गिरने से तीन बिजली ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए। इसकी वजह से कई गांवों और आसपास के इलाकों में बिजली सप्लाई बंद हो गई है। जानकारी के अनुसार, भिटौली फीडर से जुड़ा गनेशपुर का 63 केवीए ट्रांसफॉर्मर, सिसवा मुंशी फीडर के लक्ष्मीपुर खास का 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर और सोहरौना राजा फीडर के जडार ग्राम सभा का 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर आकाशीय बिजली की चपेट में आकर खराब हो गए। तीनों ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद इन गांवों में बिजली सप्लाई पूरी तरह रुक गई। बिजली न होने से ग्रामीणों को पीने के पानी, मोबाइल चार्जिंग और रोजमर्रा के कामों में दिक्कत हो रही है। अवर अभियंता अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से तीनों ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए हैं। ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए विभाग जरूरी कार्रवाई कर रहा है। जैसे ही जरूरी सामान मिलेगा, ट्रांसफॉर्मर बदलकर जल्द से जल्द बिजली सप्लाई शुरू करने की कोशिश की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बंद होने से उन्हें बहुत परेशानी हो रही है। गनेशपुर के रहने वाले अबरार खान ने बताया कि बिजली न होने से घरों में पानी और दूसरे जरूरी काम रुक गए हैं। लक्ष्मीपुर खास के सुरेश प्रजापति ने कहा कि लंबे समय से बिजली न होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतें आ रही हैं। जडार के अशोक पटेल ने विभाग से जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलकर बिजली सप्लाई शुरू करने की मांग की है।
भिटौली में आकाशीय बिजली से 3 ट्रांसफॉर्मर खराब:कई गांवों की बिजली गुल, विभाग ठीक करने में जुटा
