बस्ती में कोषागार कर्मचारी संघ के मंत्री आलोक श्रीवास्तव के भाई आनंद श्रीवास्तव एक सितंबर से लापता हैं। उनकी बरामदगी न होने और पुलिस कार्रवाई से नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक की। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की यह बैठक अध्यक्ष मस्तराम वर्मा की अध्यक्षता में हुई। कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन से आनंद श्रीवास्तव की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की। परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल और मंत्री तौलू प्रसाद ने बताया कि परिजनों ने दो सितंबर को कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बावजूद अभी तक आनंद श्रीवास्तव के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। परिसर में कर्मचारी करेंगे धरना-प्रदर्शन इससे परिजनों में अनहोनी की आशंका बढ़ती जा रही है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि पुलिस प्रशासन मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है, जिससे कर्मचारियों में गुस्सा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 सितंबर तक आनंद श्रीवास्तव की सकुशल बरामदगी नहीं हुई, तो 16 सितंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद के कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करेंगे। कोषागार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश पाठक ने कहा कि आनंद श्रीवास्तव के रहस्यमय ढंग से लापता होने से कर्मचारी और परिजन चिंतित हैं। पुलिस को इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर उनकी तलाश करनी चाहिए। बैठक में अशोक मिश्र, अभिषेक सिंह, अशोक सिंह, अजय आर्य, हरिशंकर, सुभाष मिश्र, सरोज मिश्र, सचिन पाण्डेय, आशीष कुमार, अभिषेक, राकेश श्रीवास्तव, सोम सुन्दरम, जलालुद्दीन कुरेश समेत कई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
कोषागार मंत्री के भाई लापता, पुलिस कार्रवाई से कर्मचारी नाराज:15 सितंबर तक बरामदगी न होने पर 16 को कलेक्ट्रेट में देंगे धरना
