अस्थि विसर्जन कर हरिद्वार से लौट रहे सात लोगों की दर्दनाक मौत, मृतकों में 2 मासूम भी; जयपुर में भीषण सड़क दुर्घटना

राजस्थान की राजधानी जयपुर से दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर आई है। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में देर रात एक कार हादसे का शिकार हो गई, जिसमें एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार हरिद्वार से अस्थि विसर्जन कर वापस लौट रहा था। सुबह होते ही जब यह मंजर सामने आया तो पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया।

जानकारी के अनुसार जयपुर और भीलवाड़ा जिले से संबंध रखने वाला यह परिवार शुक्रवार देर रात कार से जयपुर लौट रहा था। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और रिंग रोड पर बने नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि किसी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

दोपहर में दिखी कार, पुलिस ने निकाले शव

शनिवार दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे स्थानीय लोगों ने नाले में डूबी हुई कार को देखा और तुरंत पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया। जैसे ही गाड़ी को बाहर लाया गया तो उसमें फंसे सभी सात लोगों के शव देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेजा गया है। पुलिस हादसे की वजहों की जांच कर रही है।

मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल

  • पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान जयपुर और शाहपुरा (भीलवाड़ा) के निवासियों के रूप में हुई है। मृतकों में तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। अस्थि विसर्जन जैसे धार्मिक कार्य से लौटते समय इस तरह की त्रासदी ने पूरे परिवार को समाप्त कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here