सिद्धार्थनगर: बदमाशों ने महिला को नशीली दवा सुंघाकर लूटपाट:घर से कीमती सामान लेकर फरार, पीड़िता का इलाज जारी

सिद्धार्थनगर के इंदिरानगर मोहल्ले में सोमवार शाम एक महिला के साथ लूटपाट की घटना सामने आई। दो अज्ञात बदमाश शाम 6 बजे घर में घुसे। उन्होंने अकेली महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। फिर घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

पीड़िता सुशीला देवी घर में अकेली खाना बना रही थीं। उनके परिजन रुद्र नारायण किसी काम से बाहर गए थे। बदमाशों ने पहले सुशीला देवी का मुंह दबाया। विरोध करने पर उन्हें नशीला पदार्थ सुंघा दिया। बेहोश होने के बाद बदमाशों ने घर की तलाशी ली।

इंदिरानगर से सटे अनूपनगर और पिठनी के लोग चोरी की आशंका से रात में गश्त लगाते हैं। संदिग्धों से पूछताछ भी करते हैं। इसके बावजूद बदमाशों ने शाम के समय वारदात को अंजाम दिया।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। एसएचओ सदर दुर्गा प्रसाद के अनुसार, महिला के होश में आने के बाद विस्तृत बयान लिया जाएगा। पुलिस जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।