राज्य स्तरीय भूकम्प, औद्योगिक (रसायन) एवं अग्निकांड संबंधित मॉकड्रिल संपन्न

 

 

 

तहसील भिनगा, केंद्रीय विद्यालय, तहसील इकौना जगतजीत इंटर कालेज एवं जमुनहा में पटेल एग्रो इंडस्ट्रीज में हुई मॉकड्रिल

 

 

 

श्रावस्ती। भूकम्प, औद्योगिक (रसायनिक) एवं अग्निकांड से सुरक्षा के लिए तैयारियों को परखने व जन-जागरूकता के लिए आयोजित राज्य स्तरीय मॉकड्रिल आज तीनों तहसील में संपन्न हुई। राज्य स्तर से ही भूकंप एवं अग्निकांड हेतु केंद्रीय विद्यालय भिनगा, उद्योग के लिए पटेल एग्रो इंडस्ट्रीज जमुनहा एवं स्कूल से इवेक्युवेशन ड्रिल हेतु जगतजीत इंटर कालेज इकौना में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक के लिए मॉकड्रिल हेतु समय निर्धारित किया था। सभी स्थल वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कंट्रोल रूम से जुड़े हुए थे जहां पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी की अध्यक्षता में विशेषज्ञों की टीम द्वारा सभी मॉकड्रिल का अवलोकन किया गया।

मॉकड्रिल के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई की जनपद में भूकंप आने से केंद्रीय विद्यालय में छात्र फंस गये हैं और एक कमरे में आग लग गयी है । इस सूचना पर प्रतिक्रिया देते हुए सशस्त्र सीमा बल 62 वीं वाहिनी एवं जिला अग्निशमन विभाग की टीम विद्यालय पहुंची और दोनों टीमों ने विद्यालय से छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल कर मेडिकल सहायता प्रदान की। इसी प्रकार 11 बजे पटेल एग्रो इंडस्ट्रीज जमुनहा और 11.30 पर जगतजीत इंटर कालेज इकौना में मॉकड्रिल संपन्न की गयी ।

इस मॉकड्रिल का जिला स्तर पर समन्वय आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र द्वारा किया गया।

केंद्रीय विद्यालय पर मॉकड्रिल के समय अपर जिलाधिकारी (वि/रा) एस डी एम भिनगा आशीष भारद्वाज, तहसीलदार जागृति सिंह, सशस्त्र सीमा बल 62वीं वाहिनी की टीम, जिला अग्निशमन अधिकारी संजय जायसवाल मौजूद रहे। पटेल एग्रो इंडस्ट्रीज जमुनहा की ड्रिल उप जिलाधिकारी संजय राय एवं इकौना की ड्रिल उप जिलाधिकारी पीयूष जायसवाल के नेतृत्व में संपन्न हुई।