सिद्धार्थनगर में खाकी का मानवीय चेहरा एक बार फिर सामने आया है। शनिवार को प्रधान लिपिक शाखा में तैनात आरक्षी अमरजीत यादव ने ईमानदारी का परिचय देते हुए एक महिला का खोया हुआ बैग लौटाकर समाज के लिए मिसाल कायम की।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, आरक्षी अमरजीत यादव कोतवाली से पुलिस कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में खजूरिया मार्ग पर उन्हें एक बैग पड़ा मिला। जब बैग खोला गया तो उसमें एक मंगलसूत्र और गाड़ी खरीदने की रसीद बरामद हुई। रसीद पर दर्ज नंबर से उन्होंने तुरंत संबंधित दुकानदार से संपर्क किया और फिर उसके माध्यम से महिला तक सूचना पहुंचाई। कुछ ही देर में बैग उसकी असली मालकिन तक सुरक्षित पहुंच गया।
लोगों ने तारीफ की
बैग पाकर महिला भावुक हो उठीं। उन्होंने पुलिस के इस कदम के लिए गहरी कृतज्ञता जताई और कहा कि इस तरह की ईमानदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है।
जनपद पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने भी आरक्षी अमरजीत यादव की इस कार्यप्रणाली की सराहना की। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल खोए हुए सामान को सही मालिक तक पहुंचाती हैं, बल्कि जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत करती हैं।
यह घटना साबित करती है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था की संरक्षक ही नहीं, बल्कि नागरिकों की सच्ची मित्र और मददगार भी है।

















