श्रावस्ती में दो बाइक की टक्कर में एक की मौत.. दो युवक घायल; जमुनहा-बहराइच मार्ग पर हुआ हादसा

श्रावस्ती जनपद में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोनवा थाना क्षेत्र के चिचड़ी चौराहे पर दो बाइकों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में जमुनहा निवासी जमुना प्रसाद सोनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जमुना प्रसाद सर्राफा कारोबारी थे और अपने तीन बेटों के साथ गांव-गांव जाकर सर्राफा का काम किया करते थे। हादसे के समय वे अकेले बाइक से बहराइच सर्राफा का सामान लेने जा रहे थे। इसी बीच बहराइच जनपद के रिसिया थाना क्षेत्र के जुमाई पुरवा गांव से एक ही बाइक पर सवार तीन युवक जमुनहा की तरफ आ रहे थे। चिचड़ी चौराहे पर दोनों बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि जमुना प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिवार के तीनों बेटे, जो पिता के साथ सर्राफा का कारोबार संभालते थे, गहरे सदमे में हैं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।