श्रावस्ती।माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आज प्रदेशव्यापी मिशन शक्ति-5.0 चरण का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। इस शुभारंभ के साथ ही अब मिशन शक्ति-5.0 को धरातल पर लागू करते हुए महिलाओं को और अधिक जागरूक करने, सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन की दिशा में ठोस और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। यह पहल पूरी तरह से पुलिस द्वारा संचालित है और प्रदेश के सभी 1,647 थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से महिलाओं की हर प्रकार की शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित SOP पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मिशन शक्ति-5.0 का यह चरण 22 सितम्बर से 24 दिसम्बर 2025 तक संचालित होगा, और इस दौरान पुलिस अधिकारी सीधे महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे तथा उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करेंगे। इस कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में माननीय विधायक श्रावस्ती राम फेरन पांडेय, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी सहित अन्य
अधिकारीगण द्वारा देखा गया। वहीं पुलिस लाइन स्थित लव कुश सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश चंद्र उत्तम, क्षेत्राधिकारी इकौना श्री भरत पासवान, क्षेत्राधिकारी नगर श्री सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी अपराध श्री आलोक कुमार सिंह तथा मिशन शक्ति केंद्रों के अधिकारी, थाना प्रभारी और
कर्मचारीगण उपस्थित रहे। वर्चुअल शुभारंभ के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मिशन शक्ति-5.0 के उद्देश्य, महत्व और महिलाओं के लिए ठोस कदमों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा मिशन शक्ति-5.0 पूरी तरह पुलिस नेतृत्व में संचालित एक पहल है, जो महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करेगी। हम सुनिश्चित करेंगे कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं के लिए भरोसेमंद और प्रभावी मार्गदर्शक बनें और उनकी हर समस्या का समयबद्ध समाधान किया जाए। हमारा लक्ष्य है कि ‘समृद्ध प्रदेश, सुरक्षित नारी’ की
परिकल्पना को धरातल पर पूरी तरह लागू किया जाए। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को SOP के मुख्य बिंदुओं पर विस्तृत ब्रीफिंग दी। उन्होंने कहा: महिला बीट अधिकारी न केवल सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करेंगी, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में भी प्रेरित करेंगी। इन केंद्रों पर महिलाओं की शिकायतों का तत्काल और प्रभावी निस्तारण किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि यह कार्यक्रम धरातल पर पूरी प्रभावशीलता के साथ महिलाओं तक पहुंचे।मिशन शक्ति 5.0 SOP* में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कल्याण को केंद्र में रखते हुए कई ठोस और दूरगामी कदम उठाए गए हैं, जिनमें पुलिस फुट पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाना
महिलाओं के लिए समर्पित स्वास्थ्य हेल्पलाइन
महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम
स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर एंटी रोमियो स्क्वाड
स्वरोजगार व कौशल विकास के अवसर
स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी और स्टॉल
डिजिटल सुरक्षा और अफवाह नियंत्रण
वरिष्ठ अधिकारियों की फील्ड में सक्रिय उपस्थिति और आमजन से संवाद*
तत्पश्चात जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी द्वारा जनपद स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण* भी किया गया। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित सेवाओं, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आश्वस्त किया कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को समयबद्ध सहायता, परामर्श एवं सुरक्षा प्रदान करेगा, जिससे यह केंद्र महिलाओं के लिए भरोसेमंद आश्रय और सहयोग का सशक्त माध्यम बने।

















