जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया वन-स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

 

 

 

साफ-सफाई व्यवस्था सन्तोषजनक न पाये जाने पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारी को बेहतर साफ-सफाई के दिये निर्देश

 

पीड़ित महिलाओं को त्वरित और संवेदनशील तरीके से प्रदान की जाए सहायता-जिलाधिकारी

 

 

 

श्रावस्ती। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा सहायता के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में बनें वनस्टॉप सेंटर का जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होने सेंटर में आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को दी जाने वाली कानूनी, चिकित्सा सहायता एवं सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने सेंटर में रजिस्टर मेंटेनेंस, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और स्टाफ की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने पाया कि सेंटर की सेवाएं संतोषजनक हैं, लेकिन सेंटर पर कुछ सुधारों की आवश्यकता है। इस दौरान वहीं पर बने कमरे का निरीक्षण करने पर साफ-सफाई व्यवस्था सन्तोषजनक नही पायी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित को निर्देश दिया कि बेहतर साफ-सफाई कराते हुए कमरे को प्रयोग में लाया जाए। कार्यालय से सम्बन्धित सामग्रियों को व्यवस्थित ढंग से रखने का निर्देश दिया। वनस्टॉप सेंटर में ग्रहण/दत्तक रूम के लिए आने वाली महिलाओं को गोण्डा भेज दिया जाता है, जिस पर जिलाधिकारी ने यहीं पर ग्रहण/दत्तक रूम बनाये जाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सेंटर के प्रभारी को निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं को त्वरित और संवेदनशील तरीके से सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पीड़ित महिला या बालिका बिना मदद के वापस न जाए। सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए, उन्हें आवश्यक कानूनी और चिकित्सा सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सेंटर की सुरक्षा सर्वाेपरि है। यह सुनिश्चित करें कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से कार्य कर रहे हों और सुरक्षाकर्मी हमेशा अलर्ट रहें।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मो0 मुमताज सहित वन स्टाप सेंटर पर तैनात महिला आरक्षी गण उपस्थित रही।