रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।
महराजगंज।नगर चौकी क्षेत्र में रविवार को कुछ युवाओं ने बिना अनुमति “आई लव मुहम्मद” के नारे लगाते हुए जुलूस निकालने की कोशिश की। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जुलूस को आगे बढ़ने से रोका और भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक कुछ युवक हाथों में झंडे और बैनर लिए सड़क पर आ गए और नारे लगाने लगे। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा होने लगी, जिससे तनाव की स्थिति बन रही थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की और हालात बिगड़ने से पहले ही मोर्चा संभाल लिया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को जब्त कर कोतवाली थाने पहुंचाया। इस घटना पर सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने कहा, “कुछ युवक बिना अनुमति जुलूस निकाल रहे थे, जिसे रोक दिया गया है। मौके से पांच से छह गाड़ियां जब्त की गई हैं और इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

















