दिल दहला देने वाला हादसा: महाराजगंज-गोरखपुर हाईवे पर कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत।*

 

 

रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।

 

महाराजगंज-गोरखपुर हाईवे पर गोधवल चौराहे के पास रविवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने सड़क पार कर रहे 70 वर्षीय ईशुफ़ को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। टक्कर मारने के बाद चालक अपनी कार सहित फरार हो गया।

 

जिंदगी का सफर थमा एक झटके में।

परसिया इंदरपुर गांव के रहने वाले ईशुफ़ साप्ताहिक बाजार भटहट जाने के लिए घर से निकले थे। गोधवल चौराहे पर एटीएम से पैसे निकालने के बाद, जब वह सड़क पार कर रहे थे, तभी काल बनकर आई उस तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बुजुर्ग ईशुफ़ को संभलने का मौका भी नहीं मिला और एक पल में ही उनकी जिंदगी का सफर थम गया।

 

परिवार में मातम, गांव में सन्नाटा।

इस हृदय विदारक घटना की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी रुमाली और बेटे जब्बार, गफ्फार, वकील का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस दुखद घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश में पुलिस की टीम जुट गई है। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार से होने वाली मौतों के प्रति गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।