![]()
श्रावस्ती में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चंडीगढ़ से पहुंची मृतका की भाभी ने सास और जेठानी पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंडीगढ़ निवासी रानी देवी ने बीते शनिवार पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी ननद आरती की शादी करीब 12 साल पहले श्रावस्ती महदेईया गांव निवासी राम सुधी से हुई थी। आरती ससुराल में रहती थी, जबकि उनके पति राम सुधी चंडीगढ़ में मजदूरी करते थे। रानी देवी के अनुसार, राम सुधी के उकसाने पर आरती की सास और जेठानी सोने की अंगूठी व चेन की मांग को लेकर आरती को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती थीं। उन्हें मारा-पीटा भी जाता था। आरोप है बीते 30 अक्टूबर को दहेज की मांग पूरी न होने पर सास और जेठानी ने आरती का गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की भाभी ने बताया कि घटना से महज दो घंटे पहले आरती ने उन्हें फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी और वहां से ले जाने की गुहार लगाई थी। फोन के कुछ ही देर बाद आरती की मौत की खबर मिली। चंडीगढ़ से श्रावस्ती पहुंचने पर परिवार को घर का पता नहीं था। 112 नंबर पर कॉल करने के बाद वे घर पहुंचे, जहां उन्होंने आरती का शव देखा।मृतका की भाभी ने आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि आरती सुई से भी डरती थी और फंदे पर नहीं लटक सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी सास और जेठानी ने ही उसे मारा है। आरती की मां मोनू ने भी आरोप लगाया कि उनका दामाद सोने की अंगूठी न मिलने पर उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। उन्होंने बताया कि बेटी के गले पर फांसी के निशान की बजाय एक चौड़ा दाग था और कोहनी पर सूजन व नीले निशान थे, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। पुलिस ने रानी देवी की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
Source link

















