म्यांमार सीमा पर ड्रग्स तस्करी का नायाब तरीका: पेट्रोल-डीजल, आटा और कपड़े के बदले आता है हेरोइन-ब्राउन सुगर

0
0

नीलू रंजन, नई दिल्ली। म्यांमार से होने वाली ड्रग्स तस्करी की जांच में ईडी को चौंकाने वाले तथ्य मिले हैं। जांच से पता चला है कि म्यांमार से आने वाले ड्रग्स के बदले पैसे नहीं दिये जाते हैं, बल्कि भारत से डीजल, पेट्रोल, कपड़े, आटा, खाद्य तेल भेजे जाते हैं।

यानी इस धंधे में सीमा के आर-पार पैसे के लेन-देन के बजाय वस्तुओं का लेन-देन होता है। ईडी म्यांमार से होने ड्रग्स तस्करी के तीन मामलों की मनी लांड्रिंग रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत जांच कर रही है। म्यांमार, थाईलैंड, लाओस को दुनिया में सबसे अधिक ड्रग्स के उत्पादन के लिए गोल्डेन

सरकार ने अब डेथ ट्रैंगल का नाम दिया

ट्राइंगल के नाम से जाना जाता है, जिसे भारत सरकार ने अब डेथ ट्रैंगल का नाम दिया है। ईडी एक वरिष्ठ अधिकारी ने तस्करी के तरीके की जानकारी देते हुए कहा कि म्यांमार से हेरोइन और ब्राउन सुगर तस्करी कर मणिपुर और मिरोजम के चुंड़ाचांदपुर, चंपई जैसे कई शहरों में नकद में बेचा जाता है। नकद मिले इस पैसे को कैश हैंडलर्स को दिया जाता है, जो इसे मिनी एटीएम और म्यूल अकाउंट के माध्यम से बैंकिंग सिस्टम में लाया जाता है।

ईडी ने किया खुलासा

बैंकिंग सिस्टम में आए इस पैसे से असम, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में वस्तुओं की खरीद होती है। इस खरीद के लिए बाकायदा आरटीजीएस, एनईएफटी, आईएमपीएस के जरिये भुगतान किया जाता है। ईडी के अनुसार, आटा और मैदा की खरीद मुख्यतौर पर पश्चिम बंगाल से की जाती है। जबकि खाद्य तेल व रिफाइंड आयल असम से खरीदा जाता है।

कैसे चलता है खेल?

मिजोरम के पेट्रोल पंपों से डीजल और पेट्रोल की खरीद होती है, जबकि कपड़ों की खरीद दिल्ली से की जाती है। इन सामानों के बेचने वाला आइजोल समेत मिरोजम के सीमावर्ती शहरों जैसे चंफई, जोरिपुई और सैहा में रहने वाले खरीददारों के नाम से जीएसटी और ई-वे बिल के साथ सामान की सप्लाई कर देता है। यहीं सबसे खेल होता है। असल में जो व्यक्ति इन सामानों के पैसे देता है, वह इसे रिसीव नहीं करता है। यानी पैसे कोई और देता है और सामान किसी और के पास पहुंचता है।

बैंकिंग सिस्टम का उपयोग

ईडी के अधिकारी के अनुसार सीमावर्ती से शहरों से इन सामानों को म्यांमार में भेज दिया जाता है, जहां इन्हें म्यांमार की मुद्रा क्यात में बेच दिया जाता है। फिर इन क्यात से ड्रग्स की असली सप्लाई करने वालों को भुगतान किया जाता है। इस तरह से ड्रग्स की तस्करी में सिर्फ भारत के भीतर ही बैंकिंग सिस्टम का उपयोग किया जाता है। भारत के भीतर जीएसटी और ई-वे बिल के साथ यह सामान्य व्यापार दिखता है। लेकिन पैसे के लेन-देन के सबूत छोड़ बिना यह म्यांमार में ड्रग्स तस्करों के भुगतान का माध्यम बन जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here