Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश जिलाधिकारी ने आगामी यूपीपीएससी परीक्षा को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु...

जिलाधिकारी ने आगामी यूपीपीएससी परीक्षा को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु की बैठक*

*दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करायें-जिलाधिकारी*
श्रावस्ती, 25 नवम्बर, 2026। सू0वि0। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आगामी 06 दिसंबर को आयोजित होने वाली सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक लिखित परीक्षा को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाएं पहले ही पूर्ण कर ली जाए, जिससे किसी भी प्रकार से परीक्षार्थियों को असुविधा न होने पाए। इसके लिए प्रशासन द्वारा जिले में कुल 06 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जा रही है। परीक्षा में जनपद में कुल 2712 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग का स्पष्ट आदेश है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। जिले में जितने परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, ठीक उतनी ही संख्या में सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है, जो प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं को कोषागार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से सीधे निगरानी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से भी विशेष पर्यवेक्षक और निरीक्षण टीमें जिले में पहुंचेंगी। इसलिए सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करायें।
उन्होने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं कि वे केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था समय से पूर्ण कर लें। परीक्षा वाले दिन सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी परीक्षार्थी को बिना सघन जांच और वैध प्रवेश पत्र व पहचान पत्र के केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
उक्त बैठक में अपर जिलाधिकाीर ललित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत सहित अन्य अधिकारी व केन्द्र व्यवस्थापकगण उपस्थित रहे।