*मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए-जिलाधिकारी*
*पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए*
श्रावस्ती। 25 नवम्बर, 2026। सू0वि0। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर विकास खण्ड इकौना के अन्तर्गत सीताद्वार मंदिर में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनोज कुमार राय एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने मंगलवार को रात्रि में सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा घाट पर की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुव्यवस्थित रहें।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सीताद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेले में पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने साफ-सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा मेले में निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया, ताकि मेले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपजिलाधिकारी इकौना एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं निरंतर व्यवस्थित रखी जाएं तथा श्रद्धालुओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, उपजिलाधिकारी इकौना निशांत उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी भरत पासवान, उपजिलाधिकारी श्रेया, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह सहित मेला कमेटी के सदस्यगण, ग्राम प्रधान व व्यवस्था में लगे अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।














