जागरण संवाददाता, जयपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान में जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे खेत में बम गिरने के बाद ब्लास्ट हो गया।
धमाके की आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जिस खेत में बम गिरा वहां करीब दो फीट गहरा गड्ढा हो गया। हालांकि, बम ब्लास्ट से कोई जनहानि नहीं हुई है।
मौके पर मौजूद किसान द्वारकाराम ने बताया कि वह खेत में ट्रैक्टर से काम कर रहा था। इसी दौरान उनका मोबाइल कहीं खेत में गिर गया। वे मोबाइल को तलाश रहे थे, इसी दौरान बम गिर गया और धमाका हो गया। इस दौरान चारों तरफ धुआं फैल गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बता दें कि जिस खेत में बम गिरा, वहां से करीब सात किलोमीटर दूर सेना की पोकरण फायरिंग रेंज है।
फायरिंग रेंज में सेना के जवान अभ्यास करते हैं। आशंका जताई जा रही है कि सैन्य अभ्यास के दौरान निशाना चूकने से बम खेत में गिर गया। बम कैसे गिरा और कहां से आया, इस बारे में पुलिस आधिकारिक रूप से जानकारी देने को तैयार नहीं है।
