हिन्दू कल्याण मंच की ओर से आयोजित रामलीला मंचन में शनिवार की रात भक्ति, श्रद्धा और धर्म की विजय का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रभु श्रीराम के आदर्शों और रामायण के ओजस्वी प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। बाल कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय और भावपूर्ण संवादों से त्रेतायुग की दिव्य गाथा को मंच पर जीवंत कर दिया।
रामलीला में अंगद-रावण संवाद, कुंभकर्ण युद्ध और मेघनाथ वध की लीलाओं का मनोहारी मंचन किया गया। अंगद के अडिग आत्मविश्वास और धर्म के प्रति समर्पण ने दर्शकों को श्रीराम की मर्यादा एवं शक्ति का संदेश दिया। वहीं, कुंभकर्ण युद्ध के रोमांचक दृश्य और मेघनाथ वध के प्रभावशाली मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रत्येक प्रसंग के साथ पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठता रहा।
बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा, संवाद अदायगी और पात्रों के अनुरूप अभिनय से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। मंचन के माध्यम से अधर्म पर धर्म की विजय, सत्य के मार्ग पर अडिग रहने और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन उमेश उमंग ने किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल, ई. नीरज तिवारी, प्रभात सर्राफ, जितेंद्र वर्मा, अरूण वर्मा, नितेश श्रीवास्तव, प्रमोद मद्धेशिया, विकास जायसवाल, रवि यादव, रविराज जायसवाल, आशीष अग्रवाल, दीपक जायसवाल, आशीष जायसवाल, मनोज लोहिया, विवेक जायसवाल, सुनील रौनियार, मोहन रौनियार, जयहिंद गुप्ता, अंकित लाठ और शुभम केडिया सहित हिन्दू कल्याण मंच के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
