BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ श्रावस्ती में चारपाई पर सो रहे युवक को सांप ने:30 वर्षीय कुलदीप...

श्रावस्ती में चारपाई पर सो रहे युवक को सांप ने:30 वर्षीय कुलदीप की इलाज के दौरान मौत, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा

श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के वीरगंज बाजार में बुधवार-गुरुवार की रात एक दुखद घटना हुई। यहां चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर अपने 4 साल के भतीजे के साथ सो रहे 30 वर्षीय कुलदीप (पुत्र स्वर्गीय राम फेरन) को जहरीले सांप ने डस लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना रात करीब 2:30 बजे हुई। सांप के चारपाई पर चढ़ने और डसने पर कुलदीप चीखने लगे। परिवार के लोगों ने किसी तरह सांप को मार गिराया। वे जल्दी से कुलदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिनगा ले गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखकर बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बहराइच में इलाज के दौरान कुलदीप ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर बहराइच पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद कुलदीप के घर में गम का माहौल है। उसके माता-पिता की मौत काफी समय पहले हो चुकी थी। कुछ समय पहले उसके छोटे भाई की भी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई थी। कुलदीप ही अपने पीछे छूटे मासूम बच्चों और परिवार का एकमात्र सहारा था। अब इस हादसे के बाद 4 साल के मासूम भतीजे के सिर से भी आखिरी सहारा उठ गया है। यह परिवार बेहद गरीब है। उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि अंतिम संस्कार के लिए भी परिवार को काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। एक के बाद एक अपनों को खो चुके इस परिवार के पास अब भगवान के सिवाय कोई दूसरा सहारा नहीं बचा है। घटना के बाद से पूरे वीरगंज बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है।