तीन महीने से राशन न मिलने पर महिलाओं का प्रदर्शन:डोमा खास में स्वयं सहायता समूह को कोटे की दुकान देने की मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

0
0

निचलौल ब्लॉक के डोमा खास गांव में तीन महीने से राशन नहीं मिलने पर सैकड़ों महिलाओं ने शनिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने जय मां काली स्वयं सहायता समूह को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान देने की मांग की और एसडीएम अवनीश त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए आपूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिए हैं। प्रदर्शन कर रहीं समूह की महिलाओं ने बताया कि गांव में तीन महीने से राशन नहीं बांटा जा रहा है। विभागीय जांच में तत्कालीन कोटेदार पर सरकारी खाद्यान्न बेचने का मामला सामने आया था। इसके बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। महिलाओं ने कहा कि इससे गांव के राशन कार्डधारकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि पहले से चल रहे स्वयं सहायता समूह को नियमानुसार दुकान दी जाए, ताकि पात्र कार्डधारकों को समय पर राशन मिल सके। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि जांच के लिए आपूर्ति निरीक्षक इंद्रभान को निर्देश दिए गए हैं। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि डोमा के कोटेदार ने अक्टूबर का राशन गायब कर दिया था। रिकवरी के दौरान खाद्यान्न नहीं देने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। दुकान का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। फिलहाल डोमा की राशन दुकान को बढ़या मुस्तकीम की दुकान से जोड़ दिया गया है। कोटेदार को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया है। उसका जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर लाइसेंस रद्द किया जाएगा। इसके बाद गांव में खुली बैठक कर नियमानुसार स्वयं सहायता समूहों के चयन की प्रक्रिया होगी। इसमें पहले से चल रहे समूह को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रदर्शन में जाहिद अली, बिंदा गुप्ता, नर्बदा, जीत कुमारी, कुसुम, सुनीता, गीता, उर्मिला, मालती, प्रतिभा, जोखनी, शोभा, केवली, सोना, राजवंती, ललिता और लालती देवी सहित कई महिलाएं शामिल रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here