
बहादुरी से विश्रामपुर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। करीब डेढ़ माह पहले शुरू हुआ यह कार्य ठेकेदार द्वारा बीच में ही रोक दिया गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की है। यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी। ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियो ने फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी से मिलकर इसके निर्माण की मांग की थी। विधायक ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत कराया था। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया, जिससे सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां और बड़े-बड़े बोल्डर पड़े हैं। इसके कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों सहित सभी राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की मनमानी के चलते सड़क निर्माण अधर में लटका हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र सड़क निर्माण पूरा कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।



























