
राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में 59वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB), नानपारा ने 30 अगस्त 2026 को ‘साइकिल ऑन संडे’ रैली का आयोजन किया। इसका उद्देश्य कार्मिकों में शारीरिक फिटनेस, स्वास्थ्य और खेल भावना को बढ़ावा देना था। रैली का नेतृत्व 59वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री कैलाश चंद रमोला ने किया। इसमें वाहिनी मुख्यालय और विभिन्न समवायों के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के जरिए कार्मिकों को नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। रैली के बाद कमांडेंट श्री कैलाश चंद रमोला ने सभी कार्मिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और शारीरिक रूप से दक्ष कार्मिक ही अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकता है। उन्होंने कार्मिकों को नियमित शारीरिक व्यायाम, खेलकूद, साइकिलिंग, संतुलित आहार और पर्याप्त विश्राम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। इस रैली के माध्यम से “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” की भावना को प्रोत्साहित करते हुए ‘फिट कार्मिक – सशक्त बल’ का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम ने कार्मिकों में स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन, खेल भावना और आपसी सौहार्द को मजबूत किया। 59वीं वाहिनी, SSB नानपारा ने भविष्य में भी कार्मिकों के स्वास्थ्य, शारीरिक दक्षता और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।



























