
बस्ती के कप्तानगंज नगर पंचायत क्षेत्र में वार्ड नंबर छह के मटहानिया गांव को जाने वाली लगभग 400 मीटर सड़क आज भी कच्ची और बदहाल है। विकास के दावों के बावजूद यह महत्वपूर्ण मार्ग लंबे समय से पक्का नहीं हो सका है, जिससे बारिश के मौसम में ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जो हल्की बारिश में ही पानी से भर जाते हैं। इससे पूरा रास्ता कीचड़ में बदल जाता है और आवागमन मुश्किल हो जाता है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को इस मार्ग से गुजरने में अत्यधिक कठिनाई होती है। मटहानिया गांव के नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल होने के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि इस सड़क का निर्माण कार्य प्राथमिकता से कराया जाएगा। हालांकि, अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में निराशा है। स्थानीय निवासी ओमकार वर्मा ने बताया कि यह सड़क गांव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से मुख्य मार्ग तक आते-जाते हैं, लेकिन इसकी बदहाली के कारण उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। एक अन्य ग्रामीण दिनेश शर्मा ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद सड़क की ऐसी दयनीय स्थिति समझ से परे है। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि ‘इससे अच्छी तो हमारे गांव की सड़कें हैं, यहां तो थोड़ी बारिश में ही रास्ते पर पानी और कीचड़ हो जाता है’। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पक्की होने से गांव के लोगों को काफी राहत मिलेगी, खासकर बारिश के मौसम में स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को होने वाली विशेष परेशानी दूर होगी। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से इस 400 मीटर मार्ग का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।
Home लेटेस्ट न्यूज़ कप्तानगंज में 400 मीटर कच्ची सड़क बदहाल:बारिश में राहगीरों को परेशानी, ग्रामीणों...



























