
महराजगंज में झनझनपुर से सिंदुरिया जाने वाले मुख्य मार्ग पर पुल निर्माण कार्य के कारण सड़क की स्थिति बिगड़ गई है। बाल्मीकि चौराहे के पास नई पुलिया के आसपास की सड़क पर बारिश के बाद कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है, जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इस स्थिति से महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं। रक्षाबंधन के पर्व पर अपने भाइयों के घर जाने वाली कई महिलाओं को इसी कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ा, जहां फिसलन के कारण कुछ महिलाएं गिरने से बाल-बाल बचीं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्ग और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई। बारिश का पानी जमा होने से कीचड़ और बढ़ जाता है, जिससे वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और उच्च अधिकारियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने, कीचड़ हटाने और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



























