श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के कुशल निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकेश सिंह एवं समस्त क्षेत्राधिकारीगण के प्रभावी पर्यवेक्षण में जनपद श्रावस्ती में मिशन शक्ति फेज–5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत शक्ति मोबाइल टीम द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। चौपाल, संवाद एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं सहायता सेवाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा उन्हें “शक्ति दीदी” के रूप में निडर होकर अपनी बात रखने एवं किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।
रक्षाबंधन पर्व के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए उन्हें भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा आवश्यकता पड़ने पर महिला सुरक्षा हेल्पलाइन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं का उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही त्योहारी खरीदारी एवं ऑनलाइन लेन-देन के दौरान साइबर ठगी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी वेबसाइट एवं संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही OTP, बैंकिंग विवरण एवं अन्य गोपनीय जानकारियां किसी से साझा न करने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने तथा किसी भी साइबर आपात स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी गई।महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, महिला सुरक्षा संबंधी सेवाओं तथा UPCOP ऐप एवं CCTNS प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
जनपद के समस्त थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए जागरूकता संबंधी सामग्री वितरित की गई, जिससे आवश्यकता पड़ने पर महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्राप्त हो सके।


























