अनिल यादव | जोगिया(महाराजगंज सदर), महराजगंज25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

महाराजगंज के घुघली ब्लॉक के इंचार्ज हेडमास्टर रिजवानुल्लाह खान को नेशनल लैंग्वेज अवार्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए कौमी उर्दू शिक्षक कर्मचारी संघ इंडिया ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना है। यह सम्मान समारोह 14 सितंबर 2026 को दिल्ली में आयोजित होगा।
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वासिल अली गुर्जर और राष्ट्रीय सचिव विकास कुमार राणा ने 27 अगस्त 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी, महाराजगंज को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी। पत्र में बताया गया है कि कंपोजिट विद्यालय अमोढ़ा के इंचार्ज हेडमास्टर रिजवानुल्लाह खान को उनकी समर्पित सेवा, उल्लेखनीय कार्य और शैक्षिक योजनाओं को लागू करने में अहम योगदान के लिए चुना गया है।
यह अवार्ड समारोह हिंदी दिवस के मौके पर दिल्ली के मंडी हाउस स्थित ग़ालिब इंस्टीट्यूट ऑडिटोरियम में होगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। जिला शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया गया है कि वे चयनित शिक्षक को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जरूरी मदद दें।
इस उपलब्धि से क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के लोगों में खुशी का माहौल है। ऐंग्लो इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुरेश रूंगटा, बजरंगी सिंह शिक्षा संस्थान के प्रबंधक वीरेंद्र सिंह, नगर अध्यक्ष संतोष जायसवाल, अमरजीत यादव, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष परमेश्वर गुप्ता, अलीशेर, शिक्षक संघ अध्यक्ष घनश्याम यादव, समाजसेवी महबूब खान और ग्राम प्रधान शैलेश पटेल ने रिजवानुल्लाह खान को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से पूरे जिले का मान बढ़ा है।

































