
बलरामपुर/तुलसीपुर। हरिहरगंज–ललिया–बनकटवा मार्ग पर लौकहवा डिप पर 80 मीटर लंबे पुल के निर्माण को वित्तीय मंजूरी मिल गई है। इसके लिए 10.55 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस पुल के बनने से बारिश के मौसम में होने वाली परेशानी खत्म होगी और करीब 2 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। यह परियोजना 31 अगस्त को व्यय वित्त समिति की बैठक में मंजूर की गई थी। पुल 80.08 मीटर लंबा और 7.50 मीटर चौड़ा होगा। इसके दोनों ओर 200-200 मीटर लंबे पहुंच मार्ग भी बनाए जाएंगे। लौकहवा डिप पर बारिश के दौरान आसपास के नालों का पानी भर जाता था। इससे रास्ता बंद हो जाता था और लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने के लिए करीब 70 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था। इस पुल से ललिया, हरिहरगंज, शिवपुरा, बनकटवा, वरदौलिया समेत दर्जनों गांवों के लोगों को पूरे साल सुरक्षित और आसान आवागमन की सुविधा मिलेगी। एंबुलेंस और अग्निशमन सेवाओं की पहुंच भी आसान होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला की लगातार कोशिशों के बाद इस परियोजना को वित्तीय स्वीकृति मिली है। अब प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। शासनादेश जारी होने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।































