
कोठीभार थाना क्षेत्र के बड़हरा चरगहा गांव में शनिवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से एक 15 साल की किशोरी और 45 साल की महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। बिजली गिरने से गांव के दो ट्रांसफार्मर भी जल गए, जिससे पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:40 बजे अचानक मौसम बदला और तेज आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज कड़क के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में बड़हरा चरगहा के कचहरी टोला निवासी नंदिनी (15 साल) और चमरौटी टोला निवासी रामप्यारे (45 साल) आ गईं। दोनों बुरी तरह झुलस गईं। ग्राम प्रधान राजकुमार कुशवाहा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से नंदिनी को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। आकाशीय बिजली का असर इतना तेज था कि गांव में लगे दो बिजली ट्रांसफार्मर भी जलकर खराब हो गए। ट्रांसफार्मर खराब होने से पूरे गांव की बिजली सप्लाई बंद हो गई है। इसके अलावा, कई घरों में रखे इनवर्टर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जल गए हैं।
































