
गिलौला क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व देर रात तक धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। रात करीब 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही पूरा गांव जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही गांव में जन्माष्टमी को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ था। जन्मोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण, राधा, बलराम और सुदामा की मनमोहक झांकी निकाली गई। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने और भगवान के दर्शन करने पुरुषोत्तमपुर पहुंचे। कार्यक्रम में भजन गायिका आराध्या मिश्रा ने भगवान श्रीकृष्ण के मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा। रात करीब 12 बजे कृष्ण जन्म के बाद वासुदेव के स्वरूप में बाल श्रीकृष्ण को सूप में रखकर श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए। यह दृश्य देखकर कई श्रद्धालु भावुक हो गए। लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन श्रवण कुमार साहू और मेवाराम यादववंशी ने कराया। जन्मोत्सव के दौरान ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से पूरा पुरुषोत्तमपुर गांव कृष्णमय हो गया।
































