
क्षेत्र के पचवस गांव में स्थित पंचेश्वर नाथ शिव मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी पर देर रात तक जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। जागरण पार्टी में भजन गायक प्रवीण सिंह, राम सिंह, शशिकांत दुबे, श्याम सिंह और शालिनी पंडित ने अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने भगवान कृष्ण जन्मोत्सव पर एक से बढ़कर एक भजन गाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ग्राम प्रधान शैलेंद्र सिंह ने हरैया विधायक अजय सिंह का स्वागत किया। विधायक अजय सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मध्य रात्रि 12 बजे पंचेश्वर नाथ शिव मंदिर में पूरे विधि-विधान से भगवान कृष्ण का जन्म हुआ। इस दौरान महिलाओं ने सोहर और बधाई गीत गाए, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्ति से सराबोर हो गया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भानूप्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह, शशि प्रकाश सिंह, रोहन सिंह, दिव्यांश और अतुल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
































