
बस्ती के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सुरतीहट्टा मोहल्ले में शुक्रवार रात करीब 12 बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान को काफी नुकसान हुआ। तेज धमाके के साथ बिजली गिरने से छत का छज्जा फट गया और पानी की टंकी भी टूट गई। यह आकाशीय बिजली स्वर्गीय घनश्याम गुप्ता के बेटे निखिल गुप्ता के मकान की छत पर गिरी। निखिल गुप्ता धागे की दुकान चलाते हैं। बिजली गिरने के बाद घर में अफरातफरी मच गई। पूरे मकान की बिजली की वायरिंग जल गई और बिजली के उपकरण भी खराब हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिजली गिरने की आवाज बहुत तेज थी। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने मकान में हुए नुकसान का जायजा लिया। आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का अभी आकलन किया जा रहा है।
































