
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बृजमनगंज थाना परिसर भक्ति और उत्साह से भर गया। थाने में बने मंदिर को सुंदर रोशनी, फूल-मालाओं और झांकियों से सजाया गया था। यहां भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और खुशी के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने अपनी पत्नी के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूरी विधि से पूजा और महा आरती की। उन्होंने भगवान से पूरे इलाके की सुख-शांति, समृद्धि और अच्छे जीवन के लिए प्रार्थना की। पूजा के समय पूरा थाना परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण की सुंदर झांकी ने दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को खूब पसंद आई। पुलिस अधिकारी, जवान और उनके परिवार के लोग बड़ी संख्या में भगवान के दर्शन करने पहुंचे। बच्चों में इस आयोजन को लेकर खास उत्साह दिखा। रात में ठीक मध्यरात्रि के समय विशेष पूजा और आरती की गई। इसके बाद भक्तों को प्रसाद बांटा गया। भगवान की बाल लीलाओं पर आधारित भजनों ने पूरे माहौल को भक्ति से भर दिया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी फरेंदा भी थाना परिसर पहुंचीं और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की। इस दौरान थाने के सभी महिला और पुरुष पुलिसकर्मी और उनके परिवार के सदस्य समेत क्षेत्रवासी मौजूद रहे। थाना परिसर में हुए इस बड़े आयोजन ने पुलिस परिवार को एक साथ मिलकर धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व मनाने का मौका दिया। इससे उनमें आपसी भाईचारा और मेलजोल और भी बढ़ा।
Home उत्तर प्रदेश बृजमनगंज में पुलिस परिवार ने धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव:थानाध्यक्ष मदन मोहन...
































