
महराजगंज में एक करैत सांप ने बेड पर मां-बेटे को डस लिया। 14 साल के बेटे अर्पित यादव की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सुगंधा की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी पोखरा टोला में कृष्णमुरारी यादव के घर हुई। शुक्रवार रात करीब दो बजे एक करैत सांप अचानक बेड पर गिर गया। सांप ने पहले अर्पित के दाहिने हाथ में डसा। परिवार के लोग सांप के काटने की गंभीरता को समझ नहीं पाए। कुछ देर बाद उसी सांप ने अर्पित की मां सुगंधा के गाल के पास डस लिया। सुगंधा ने सांप को देखकर शोर मचाया, तब परिवार के बाकी लोगों को घटना का पता चला। घर में करैत सांप देखकर सभी घबरा गए। तड़के सुबह दोनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज ले गए। वहां डॉक्टरों ने अर्पित को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में सुगंधा को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। उनकी हालत अभी भी गंभीर है। अर्पित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। उसके बड़े भाई आयुष यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद मधुबनी पोखरा टोला में भी डर का माहौल है। ग्रामीणों की सूचना पर वन्यजीव रक्षक रामबचन साहनी की टीम कृष्णमुरारी यादव के घर पहुंची। काफी तलाश के बाद करैत सांप हेलमेट के गत्ते में छिपा मिला। टीम ने सावधानी से उसे पकड़ लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
































