
महराजगंज के सिंदुरिया इलाके में एक करैत सांप के डसने से 11 साल के बच्चे अर्पित की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार भोर करीब चार बजे चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी पोखरा टोला में हुई। सांप के डसने से बच्चे की मां सुगंधा की हालत भी गंभीर है। उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इस घटना से गांव में डर का माहौल है। परिजनों ने बताया कि सुगंधा अपने छोटे बेटे अर्पित के साथ कमरे में सो रही थीं। तभी एक करैत सांप खिड़की के रास्ते कमरे में घुसकर बेड पर आ गया। सांप ने पहले अर्पित के दाहिने हाथ में डस लिया। दर्द से अर्पित के चिल्लाने पर सुगंधा की नींद खुली। उन्होंने लाइट जलाकर बेटे को देखने की कोशिश की। इसी दौरान चादर में छिपे सांप ने सुगंधा के गाल पर भी डस लिया। मां-बेटे की चीख सुनकर परिवार के दूसरे सदस्य वहां पहुंचे। तुरंत दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अर्पित को मृत घोषित कर दिया। सुगंधा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अर्पित के जिंदा होने की उम्मीद में परिजन उसका शव गाजीपुर के अमवा स्थित सती माता मंदिर ले गए। वहां करीब 20 मिनट तक झाड़-फूंक कराई गई। मंदिर के महंत ने बच्चे की मौत की पुष्टि की, जिसके बाद परिजन शव लेकर वापस लौट आए। घटना की जानकारी मिलने पर वन्यजीव रक्षक रामबचन साहनी की टीम गांव पहुंची। टीम ने कमरे और आसपास के इलाकों की तलाशी ली। काफी खोजने के बाद करैत सांप हेलमेट के फोम के अंदर छिपा मिला। वन्यजीव रक्षक टीम ने सांप को सावधानी से पकड़कर सुरक्षित जगह छोड़ दिया। अर्पित लिटिल एंजल एकेडमी में कक्षा दो का छात्र था। मासूम की मौत से परिवार में मातम छा गया है। मां के अस्पताल में भर्ती होने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। इस घटना से ग्रामीण भी डरे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने घरों में सोते समय खास सावधानी बरतने की अपील की है।
































