
श्रावस्ती के गिलौला क्षेत्र में राप्ती नदी की तेज कटान से सिसवारा घाट के पास सिसवारा गौहानिया मधनगर अप्रोच मार्ग पर खतरा पैदा हो गया है। नदी की धारा लगातार कटान करते हुए सड़क के बेहद करीब पहुंच गई है। हालात को देखते हुए बृहस्पतिवार रात भी सैकड़ों मजदूरों को कटान रोकने के लिए लगाया गया। वहीं आज शनिवार को सुबह 9:00 बजे भी बचाव कार्य जारी है। श्रावस्ती के भाजपा विधायक पंडित रामफेरन पांडेय ने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से फोन पर बात कर तुरंत कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की। विधायक ने बताया कि फिलहाल अस्थायी इंतजाम से कटान रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन स्थायी सुरक्षा के लिए तटबंध बनाना जरूरी है। कटान रोकने के लिए नदी किनारे मिट्टी और बालू से भरी बोरियां डाली जा रही। हालांकि, तेज बहाव के कारण कई बोरियां बह जा रहीं। विधायक ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों में नदी करीब 20 मीटर तक कटान करते हुए सड़क की तरफ बढ़ी है। उन्होंने जल्द ही तटबंध निर्माण होने की बात कही। फिलहाल सेतु निगम की ओर से पुल और अप्रोच रोड को बचाने के लिए बचाव का काम जारी है। अगर कटान की रफ्तार नहीं थमी तो अप्रोच मार्ग खराब होने से गिलौला-भिनगा के बीच आवागमन पर असर पड़ सकता है। वहीं, गौहानिया और मधनगर क्षेत्र में बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है। करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल की सुरक्षा को लेकर भी स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
































