बस्ती में 97 आपत्तियों पर सुनवाई शुरू:यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की पहली सूची में 127 स्कूल शामिल, 45 ने नाम जोड़ने की मांग की

0
0

बस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र बनने को लेकर जिले के माध्यमिक विद्यालयों में होड़ मची है। पहली सूची में जगह नहीं मिलने के बाद विद्यालय संचालकों ने केंद्र बनाए जाने की मांग को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। कुल 97 आपत्तियों पर सुनवाई शुरू हो गई है। इनमें 45 विद्यालयों ने परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए पुनर्विचार की मांग की है। वहीं, कुछ विद्यालयों ने आवंटित केंद्र निरस्त करने और बदलने का भी अनुरोध किया है।
जिले में कुल 401 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें 22 राजकीय, 70 सहायता प्राप्त और 309 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। सभी विद्यालयों ने परीक्षा केंद्र बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। परिषद की ओर से जारी पहली सूची में 127 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सूची जारी होने के बाद आपत्तियां मांगी गई थीं, जिसमें कुल 97 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इनमें 45 विद्यालयों ने सूची में नाम शामिल करने के लिए पुनर्विचार की मांग की है। इसके अलावा छह विद्यालयों ने आवंटित परीक्षा केंद्र निरस्त करने और तीन ने केंद्र परिवर्तन के लिए आवेदन किया है। वहीं, 37 परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मानक से अधिक दूरी होने की आपत्ति भी मिली है। इनकी जांच शुरू कर दी गई है।
परीक्षा केंद्र की सूची में नाम शामिल कराने के लिए कई विद्यालय संचालक विभागीय अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक पैरवी कर रहे हैं। हालांकि, कुछ विद्यालयों में पर्याप्त कक्ष, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा संबंधी मानक पूरे नहीं होने की भी चर्चा है। ऐसे में केंद्र निर्धारण के दौरान मानकों की जांच अहम होगी।
डीआईओएस संजय सिंह ने बताया कि आपत्तियों की सुनवाई शुरू हो गई है। आवेदक समिति के सामने अपना पक्ष रख सकते हैं। दलील सही पाए जाने पर समिति अपनी रिपोर्ट परिषद को ऑनलाइन भेजेगी। आपत्तियों के निस्तारण के लिए छह नवंबर तक की तिथि निर्धारित है। परीक्षा केंद्रों में बदलाव का अंतिम निर्णय परिषद की ओर से लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here