Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश ‘नक्सलवाद खत्म हो सकता है, तो ड्रग्स की समस्या भी जड़ से...

‘नक्सलवाद खत्म हो सकता है, तो ड्रग्स की समस्या भी जड़ से मिटेगी’, मंत्रिपरिषद की बैठक में भावुक हुए पीएम मोदी

0
3

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रि परिषद की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया। आशियान की बैठक से लौटने के तत्काल बाद भारत मंडपम् में मंत्रिपरिषद की बैठक में भारत को माओवादी हिंसा से मुक्ति दिलाने के पूरे अभियान पर विस्तृत प्रजेंटेशन हुआ।

इसी तरह का प्रजेंटेशन पिछले 12 सालों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने पर भी हुआ। प्रधानमंत्री ने सितंबर में मंत्रिपरिषद की हुई चिंतक बैठक में लिए गए फैसलों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की।

गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 31 दिसंबर 2029 तक ड्रग्स तस्करी पर पूरी तरह से रोक लगाकर नशा मुक्त भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए एक रोडमैप भी तैयार किया गया है और केंद्र और राज्य की सभी एजेंसियों को इस रोडमैप पर काम करने का निर्देश दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिपरिषद की बैठक में नशा मुक्त भारत के अभियान को विकसित भारत की दिशा में अहम बताते हुए इसके लिए पूरी ताकत से काम करने की जरूरत पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अकेले किसी एक मंत्रालय या कुछ एजेंसियों का काम नहीं हो सकता है, इसमें पूरे देश को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।

ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ स्कूल कालेजों में बच्चों, छात्रों, युवाओं को इसके प्रति जागरुक भी करना होगा। उन्होंने सभी मंत्रियों को इस अभियान में जुटने का आह्वान किया।

सूत्रों के अनुसार मंत्रिपरिषद की बैठक में पांच दशक बाद माओवादी हिंसा से भारत के मुक्त होने पर प्रशंसा की गई। इस अवसर पर माओवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान पर गृह मंत्रालय की ओर विस्तृत प्रजेंटेशन दिया गया। इसमें बताया गया कि माओवादी हिंसा कैसे देश की आंतरिक सुरक्षा की सबसे बड़ी चुनौती बन गई थी।

माओवादी हिंसा में न सिर्फ बड़ी संख्या में जवान और निर्दोष नागरिक मारे जाते थे, बल्कि उनके अधिकार क्षेत्र में रहने वाले बड़ी संख्या जनजाति समुदाय के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क समेत विकास से वंचित रह गए थे। माओवादी हिंसा से मुक्त होने के बाद सरकार पूरी ताकत के साथ उनतक विकास परियोजनाओं को पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

सूत्रों के अनुसार मंत्रिपरिषद की बैठक में सरकार की जन कल्याणकारी और विकास योजनाओं के कारण पिछले 12 सालों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की सराहना की गई। इस संबंध दिये गए प्रजेंटेशन में विस्तार से बताया गया कि कैसे मोदी सरकार आने के तत्काल बाद से ही गरीबों को उत्थान के लिए शौचालय, जनधन खाता, आवास, नल से जल, आयुष्मान और मुफ्त राशन जैसी योजनाएं शुरू की गई।

इसके साथ ही डीबीटी के सहारे जन कल्याणकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को रोका गया और मुद्रा जैसी योजनाओं ने उन्हें खुद का रोजगार शुरू कर आत्मसम्मान के साथ जीने का अवसर प्रदान किया।