महराजगंज जिले के निचलौल-सिसवा मार्ग पर शुक्रवार को सामान से लदा डीसीएम सड़क किनारे पलट गया। हादसा सेंट जोसेफ स्कूल के पास हुआ। चालक और खलासी सुरक्षित हैं। डीसीएम सिसवा से निचलौल स्थित रिलायंस मार्ट का सामान लेकर जा रहा था। चालक के मुताबिक, सड़क पर अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डीसीएम का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। नगर पंचायत के निर्माण कार्य में लगाई गई इंटरलॉकिंग ईंटें भी वाहन की चपेट में आकर टूट गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

































