
बलरामपुर के पचपेड़वा थाना परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर पूरे थाना परिसर को फूल-मालाओं, रंग-बिरंगी लाइटों और गुब्बारों से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण की सुंदर झांकी और भक्तिमय गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश चौहान के नेतृत्व में इस कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। आधी रात को भजन-कीर्तन के बीच बाल-गोपाल का जन्मोत्सव खुशी से मनाया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर पंचायत पचपेड़वा अध्यक्ष रवि वर्मा, सपा विधायक राकेश यादव, डॉक्टर इश्तियाक अहमद, पप्पू मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष मंजूर आलम और रेंजर योगेश सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। इनके अलावा क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान, जिले के पत्रकार, युवा समाजसेवी और सैकड़ों स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे। इस आयोजन की खास बात महाप्रसाद और बड़े भंडारे की व्यवस्था थी। सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ बैठकर खाना खाया। यह सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक समरसता का अच्छा उदाहरण था। इस दौरान उप निरीक्षक रमाकांत त्रिपाठी, उप निरीक्षक दिनेश राय और बीरपुर चौकी प्रभारी राहुल सिंह ने मुख्य द्वार पर आने वाले लोगों का स्वागत किया। उन्होंने परिसर के बाहर वाहनों के आने-जाने और ट्रैफिक को संभाला। कई बार लगे जाम को तुरंत हटवाया गया, जिससे किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई। कार्यक्रम के आखिर में थाना प्रभारी ओमप्रकाश चौहान ने सभी अतिथियों और नागरिकों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास और भाईचारा बढ़ता है। स्थानीय लोगों ने भी पचपेड़वा थाना पुलिस की इस अच्छी पहल और व्यवस्था की तारीफ की।
































