डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महिलाओं के कथित यौन शोषण के मामलों में महाराष्ट्र पुलिस द्वारा वांछित एक व्यक्ति को शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से वापस भारत लाया गया (डिपोर्ट किया गया)। इस पूरी कार्रवाई में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने समन्वय किया।
इस भगोड़े मोहम्मद माजिन के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था। सीबीआई की प्रवक्ता बीना यादव ने एक बयान में बताया कि वह एक ऐसे मामले में वांछित था, जिसमें उसने कथित तौर पर पीड़िता को शादी का झूठा झांसा देकर अपने जाल में फंसाया, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसका शारीरिक, मानसिक व आर्थिक शोषण किया। इसमें उससे धोखे से 18 लाख रुपये ऐंठना भी शामिल है।
सीबीआई ने जारी किया था रेड नोटिस
यादव ने कहा, “सक्षम अदालत में चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है। जांच में यह भी पता चला कि उसने इसी तरह शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं का शोषण किया, उनसे पैसे लिए और उनके साथ अंतरंग पलों के वीडियो भी बनाए। इसके बाद आरोपी विदेश भाग गया।” महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के जरिए माजिन के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया।
शुक्रवार को यूएई से भारत लेकर आई टीम
प्रवक्ता ने बताया, “यूएई के अधिकारियों ने व्यक्ति की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई के अधिकारियों ने उसे भारत वापस भेजने (डिपॉर्ट करने) की अनुमति दे दी। महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम यूएई गई, जहां उस व्यक्ति को उन्हें सौंप दिया गया। भारत की यह टीम उस व्यक्ति के साथ शुक्रवार को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची।”

















