राज्य ब्यूरो, मुंबई। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के लिए देशभर में मोबाइल सिम कार्ड की आपूर्ति करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुणे की पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह ने अलग-अलग स्रोतों से करीब 10 से 12 हजार सिम कार्ड जुटाए थे, जिनका इस्तेमाल देशभर में साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का कथित सरगना सुमंत उर्फ नानू रविंद्र दसारे पुणे का रहने वाला है। वह दुबई से इस पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था और साइबर ठगी के लिए सिम कार्ड की आपूर्ति कराने के उद्देश्य से चीनी नागरिकों के संपर्क में था।
तकनीकी जांच और इंटरपोल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसे हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार अन्य आरोपितों में तुषार अमराराम चौधरी, आदर्श संतोष वाघमारे, मनीष अशोकलाल वाधवा, महेश कन्हैयालाल छोथरमानी, सूरज मुन्नालाल चिकवा और राजा अशोक कुमार शामिल हैं।
पुलिस की जांच में पता चला है कि इन सिम कार्ड का इस्तेमाल फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन पंजीकृत करने, उन्हें बैंक खातों से जोड़ने और फर्जी ई-मेल आइडी बनाने में किया जाता था।
इनके जरिये ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन कर ठगी को अंजाम दिया जाता था। इस पूरी प्रक्रिया में अपराधियों की वास्तविक पहचान छिपाने की व्यवस्था भी की गई थी।
इस मामले में पिंपरी-चिंचवड़ साइबर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4), 317(2), 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जब्त सिम कार्ड से जुड़े डाटा की जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि इनका इस्तेमाल अन्य साइबर अपराधों में भी हुआ है या नहीं। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
















