
बस्ती नगर पंचायत बनकटी के वार्ड नंबर 3 कृष्णा नगर देईसाड़ में लंबे समय से मैरिज हॉल बनाने की मांग की जा रही थी। अब यहां भव्य मैरिज हॉल के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधि-विधान से भूमि पूजन के साथ किया गया। इस मौके पर मुख्य यजमान राजा राम चौधरी और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व वरिष्ठ भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल के संयोजन में भूमि पूजन हुआ। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वरिष्ठ भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल ने बताया कि मैरिज हॉल बनने से क्षेत्र में सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए अच्छी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि इससे इलाके का सौंदर्यीकरण भी होगा। कार्यक्रम में मनोनीत सभासद विवेकानंद शुक्ल, सभासद वीरेंद्र गुप्ता, सभासद संजू चौधरी, परमात्मा यादव, राजेंद्र यादव, लालचंद यादव, लल्लन चौधरी, अतुल पाल सहित कई जनप्रतिनिधि, पूर्व प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता और मान्य लोग उपस्थित रहे।
































