Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश सिसवा सीएचसी को मिली महिला जनरल सर्जन:एमएलसी प्रतिनिधि की पहल पर महिला...

सिसवा सीएचसी को मिली महिला जनरल सर्जन:एमएलसी प्रतिनिधि की पहल पर महिला डॉक्टर की तैनाती, स्वास्थ्य विभाग ने किया तैनात

सिसवा सीएचसी को मिली महिला जनरल सर्जन:एमएलसी प्रतिनिधि की पहल पर महिला डॉक्टर की तैनाती, स्वास्थ्य विभाग ने किया तैनात

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा में महिला चिकित्सक की तैनाती की मांग को लेकर एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा की पहल के बीच स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्य चिकित्साधिकारी महराजगंज की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश में परतावल सीएचसी में तैनात जनरल सर्जन डॉ. पूर्णिमा जायसवाल को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। इससे क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। हालांकि, अल्ट्रासाउंड सुविधा की मांग पर अभी निर्णय का इंतजार है। सिसवा सीएचसी में महिला चिकित्सक की कमी और अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा लगातार उठ रहा था। मरीजों को जरूरी जांच और उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों अथवा निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ता है। इससे उन्हें अतिरिक्त समय और पैसे खर्च करने पड़ते हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए यह समस्या और गंभीर हो जाती है। इन समस्याओं को लेकर एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया था। शनिवार को राजन विश्वकर्मा ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. ईश्वर चंद्र विद्यासागर को सीएमओ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू कराने और महिला चिकित्सक की अस्थायी तैनाती की मांग की थी। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्रालय से लेकर एमएलसी स्तर तक इस मुद्दे को उठाने की बात कही थी। उनका कहना था कि सिसवा और आसपास के लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़े, इसके लिए विभाग को शीघ्र कदम उठाना चाहिए। इसी बीच सीएमओ कार्यालय से जारी 10 सितंबर 2026 के आदेश में डॉ. पूर्णिमा जायसवाल को परतावल से सिसवा, डॉ. अनिल कुमार जायसवाल को परतावल से गोपाला तथा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शशिभूषण कुमार को परतावल से रतनपुर सीएचसी में तैनात किया गया है। आदेश में संबंधित चिकित्सकों को नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर नियमित रूप से दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

संबंधित खबरें
MNT NEWS BHARAT
अब आपके WhatsApp पर
MNT NEWS BHARAT से जुड़ें और हर जरूरी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp ग्रुप से जुड़ें ➜

Follow @mntnewsbharat