डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यतागत संवाद मंच को हर दो साल में आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए स्थान का फैसला सदस्य देश मिलकर करेंगे।
नई दिल्ली में आयोजित इस मंच की पहली बैठक के समापन पर जारी ‘इंद्रप्रस्थ विज्ञप्ति’ में यह प्रस्ताव शामिल किया गया है।
रविवार को अपनाई गई विज्ञप्ति में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, उसकी अवैध तस्करी रोकने और सभी सभ्यताओं को समान सम्मान देने पर जोर दिया गया है। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने समापन सत्र में इसे पढ़कर सुनाया।
यह पूछे जाने पर कि क्या सभी सदस्य देशों की इस पर सहमति है, अग्रवाल ने कहा कि यह औपचारिक रूप से बातचीत के बाद तैयार किया गया दस्तावेज नहीं, बल्कि मंच से निकला एक निष्कर्ष है, जो आगे की दिशा तय करने का खाका पेश करता है।
एससीओ का अगला शिखर सम्मेलन पाकिस्तान की मेजबानी में होगा। पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव के बीच पाकिस्तान के मंत्री ने शुक्रवार को कहा था कि दोनों देशों के बीच संवाद बढ़ाने में संस्कृति की अहम भूमिका हो सकती है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

















