डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अपने नेपाली समकक्ष बालेन्द्र शाह को एक कलमकारी संपूर्ण रामायण चित्रावली, चंदन के डिब्बे में बनारसी ब्रोकेड स्टाल और पीतल के कलश में ‘काशी का गंगाजल’ उपहार में दिया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी ने शाह को एक चित्रावली भेंट की, जिसमें भगवान राम की यात्रा की प्रमुख घटनाओं मसलन उनके जन्म और वनवास से लेकर रावण पर उनकी विजय तथा अयोध्या वापसी तक को दर्शाया गया है।
PM मोदी ने बालेन्द्र शाह को दिए उपहार
आंध्र प्रदेश की पारंपरिक ‘श्रीकालहस्ती’ शैली में बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों का उपयोग करके सूती कपड़े पर हाथ से बनाई गई यह कलाकृति भारत की कथावाचन की समृद्ध परंपरा, भक्ति और पारंपरिक शिल्प कौशल को दर्शाती है।
यह भारत और नेपाल के बीच के स्थायी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक बंधन का भी प्रतीक है। यह भगवान राम की भूमि अयोध्या को माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुर से जोड़ती है। साथ ही दोनों देशों की साझा विरासत, मित्रता तथा मूल्यों को दर्शाती है।
भारत-नेपाल के गहरे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक
प्रधानमंत्री ने अपने नेपाली समकक्ष को वाराणसी से लाया गया ‘गंगाजल’ भी भेंट किया, जो एक पीतल के कलश में रखा था। काशी विश्वनाथ मंदिर के पास गंगा नदी से जुड़ी यह भेंट, भगवान शिव के दो स्वरूपों-वाराणसी के बाबा विश्वनाथ और काठमांडू के भगवान पशुपतिनाथ के बीच आध्यात्मिक बंधन को दर्शाने में विशेष महत्व रखती है।
सूत्रों के अनुसार, यह भारत और नेपाल के बीच गहरे धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों का प्रतीक है। यह शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक एकता का आशीर्वाद देता है, साथ ही दोनों देशों के बीच की स्थायी मित्रता को और मजबूत करता है। मोदी ने शाह को चंदन के एक डिब्बे में बनारसी जरी वाला स्टाल भी भेंट किया।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

















