जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े उद्योग समूह टाटा संस का शेयर बाजार में लिस्टिंग (आईपीओ) के मुद्दे पर दो टूक फैसला होने की संभावना दूर दूर तक नहीं दिखती। कंपनी आईपीओ लाएगी या नहीं, और अगर लाएगी तो कब लाएगी, इस पर स्थिति साफ नहीं हो पा रही है।
सूत्रों के मुताबिक यह मामला लंबे समय तक उलझा रह सकता है। इस संदर्भ में टाटा संस की 26 नवंबर को होने वाली महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक टल गई है, अब यह बैठक चार दिन बाद 30 नवंबर को होगी। इस बैठक के खासा हंगामेदार रहने की संभावना है।
टाटा संस की बोर्ड बैठक 26 से टलकर 30 नवंबर को हुई
टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन और टाटा संस बोर्ड के डायरेक्टर नोएल टाटा की अपील के बाद यह फैसला लिया गया। नोएल टाटा ने कंपनी को लिखे पत्र में कहा कि बोर्ड मीटिंग का एजेंडा निर्धारित सात दिन पहले नहीं दिया गया।
एजेंडा सिर्फ चार दिन पहले बोर्ड एप्लिकेशन पर अपलोड किया गया, जबकि कंपनी अधिनियम और सीक्रेटेरियल स्टैंडर्ड्स के तहत निदेशकों को कम से कम सात दिन का समय मिलना चाहिए।
उन्होंने महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच के लिए और समय मांगा। यह बैठक काफी महत्वपूर्ण होगी। टाटा संस को आरबीआई गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) से जुड़े नियमों के तहत लिस्टिंग संबंधी निर्देशों का जवाब देना है।
एजेंडा में आरबीआई का लिस्टिंग मैंडेट, शपूरजी पल्लोनजी (एसपी) ग्रुप के लिए 25,000 करोड़ रुपये का इंतजाम, तिमाही वित्तीय खाते और कुछ समूह कंपनियों की बिजनेस योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
जैसा कि साफ है कि टाटा संस का निदेशक मंडल दो गुटों में बंटा हुआ है। एक गुट इस बैठक में आईपीओ के प्रस्ताव को मंजूरी देने की तैयारी में था। इस समूह में मुख्य रूप से एन चंद्रशेखरन (चेयरमैन), वेणु श्रीनिवासन (टाटा ट्रस्ट्स के नोमिनी), सौरभ अग्रवाल (सीएफओ), हरीश मानवानी और अनिता मारंगोली जार्ज शामिल हैं।
आरबीआई के एनबीएफसी लिस्टिंग निर्देशों पर होगी मुख्य चर्चा
सितंबर 2026 की बैठक में भी इन्हीं निदेशकों ने बहुमत से लिस्टिंग की दिशा में कदम बढ़ाने और चंद्रशेखरन के कार्यकाल को आगे बढ़ाने का समर्थन किया था। नोएल टाटा अकेले विपक्ष में रहे थे। यह समीकरण अभी भी वैसा ही है।
सूत्रों का कहना है कि नोएल टाटा अभी भी इस बात पर अडिग हैं कि आईपीओ को लेकर इतनी जल्दी आगे नहीं बढ़ना चाहिए। वे आरबीआई के लिस्टिंग निर्देश को यथासंभव टालने की कोशिश चाहते हैं और बोर्ड से अन्य विकल्पों पर विचार करने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने वैकल्पिक पुनर्गठन योजना का प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत टाटा इलेक्ट्रोनिक्स सिस्टम्स सोल्यूशंस (टीईएसएस) और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) जैसी कंपनियों को टाटा संस में मिलाकर कंपनी को ओपरेटिंग कंपनी बनाया जाए।
इससे वह ऊपरी परत एनबीएफसी की श्रेणी से बाहर निकल सकती है और लिस्टिंग से बच सकती है। आरबीआई ने16 नवंबर 2026 को समूह को लिखे पत्र में यह स्पष्ट किया कि लिस्टिंग सहित सभी लागू नियमों का पालन करना होगा। इसका मकसद देश के वित्तीय व्यवस्ता के लिए महत्वपूर्ण बड़ी एनबीएफस में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है।
































